Saturday, March 21, 2026
Home कोरिया Anti Corruption Bureau की कार्रवाई: कोरिया में SI-ASI 25 हजार...

Anti Corruption Bureau की कार्रवाई: कोरिया में SI-ASI 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

28

The Duniyadari:कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में बचरापोड़ी पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, एक मर्ग जांच के दौरान दोनों अधिकारियों पर एक ग्रामीण को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की मांग करने का आरोप है। बातचीत के बाद कथित तौर पर 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था। पीड़ित ग्रामीण ने इसकी शिकायत एसीबी अंबिकापुर कार्यालय में की, जिसके बाद टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।

पूर्व नियोजित रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर चौकी भेजा गया। जैसे ही रकम संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई, बाहर तैनात एसीबी टीम को संकेत दिया गया। टीम ने तुरंत चौकी में दबिश देकर दोनों को रिश्वत की राशि के साथ हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि मामला एक दर्दनाक घटना से जुड़ा है, जिसमें एक मासूम बच्चे की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी। उसी प्रकरण की जांच के दौरान कथित रूप से दबाव बनाकर रकम मांगी गई थी। फिलहाल एसीबी दोनों अधिकारियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।