Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा BJP ने फिर जताया ननकी राम पर भरोसा.. पाली तानाखार से उइके...

BJP ने फिर जताया ननकी राम पर भरोसा.. पाली तानाखार से उइके पर दांव, कटघोरा से प्रेम पटेल मैदान में..

394

कोरबा। भाजपा ने कोरबा जिले के चारो विधानसभा सीट में प्रत्याशी की घोषणा कर सियासी पिच में टॉस जीत लिया है। पार्टी ने रामपुर विधानसभा के फिर से ननकी राम कंवर पर भरोसा जताया है तो पाली तानाखार से राम दयाल उइके पर दांव लगाया है। कटघोरा सीट से नए बल्लेबाज के रूप प्रेम पटेल को मैदान में उतारा है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने 21 विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली सूची 17 अगस्त को जारी की थी। इसके बाद से दूसरी सूची की प्रतीक्षा दावेदारों के द्वारा की जा रही थी। भाजपा ने सोमवार को प्रत्याशियों की दूसरी सूची भी जारी कर दी है। दूसरी सूची में 64 प्रत्याशियों के नाम घोषित हुए हैं। पांच विधानसभाओं के लिए नाम होल्ड रखे गए हैं। इनमें कोरबा जिले की शेष 3 विधानसभा के लिए नाम घोषित कर दिए हैं। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व गृहमंत्री व कद्दावर नेता ननकीराम कंवर पर पुन: विश्वास जताया है।, उधर पाली-तानाखर विधानसभा क्षेत्र से कभी एकछत्र राज चलाने वाले रामदयाल उइके को पुन: मौका दिया गया है। वही कटघोरा में अप्रत्याशित नाम नए खिलाड़ी प्रेम चंद पटेल को मौका देकर बता दिया कि भाजपा हर कार्यकर्ता को मौका देती है। प्रत्याशियों के नाम घोषित हो जाने के बाद अब उनके अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार में तेजी देखी जाएगी।