Thursday, March 12, 2026
Home देश BJP MLA : पानी की टंकी पर चढ़े बीजेपी विधायक, पुलिस पर...

BJP MLA : पानी की टंकी पर चढ़े बीजेपी विधायक, पुलिस पर यह आरोप

208
राजस्थान। BJP MLA : राजस्थान के बूंदी जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था से आमजन के साथ-साथ नेता भी त्रस्त नजर आ रहे हैं। इसी कारण से केशवरायपाटन से भाजपा विधायक चंद्रकांता मेघवाल रविवार को बिगड़ी कानून व्यवस्था के विरोध में कार्यकर्ताओं के साथ कापरेन कस्बे में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उनके साथ कई लोग और पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन और गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि क्षेत्र में चोरी, लूटपाट और डकैती (BJP MLA) सहित अन्य वारदात लगातार हो रही है। 15 दिन में कापरेन में चोरी डकैती की 15 वारदात सामने आई हैं। इनमें 25-30 लाख रुपए लूटे गए हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस बदमाशों पर कड़ी कार्रवाई नहीं करती है। बता दें कि इस मामले में भाजपा विधायक ने अपने समर्थकों के साथ जिला प्रशासन को कार्रवाई करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया था। कार्रवाई नहीं होने पर आक्रोशित विधायक ने पानी टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन करने का फैसला किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कापरेन थाने का भी घेराव किया। विधायक चंद्रकांता मेघवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष छितर लाल राणा समेत भाजपा के नेता पानी टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने टंकी पर चढ़कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ 10 घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के नेता भी मौके पर जमे रहे। भाजपा विधायक ने मांग की कि पुलिस वारदातों का खुलासा करे और आरोपियों को पकड़े। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि दोषी पुलिसकर्मियों को हटाया जाए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विधायक (BJP MLA) चंद्रकांता मेघवाल से बातचीत की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने का आदेश दिया। जिसके बाद विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने अपना प्रदर्शन बंद किया।