BMS seal on the request of :पर्यावरण मंच के लक्ष्मण चन्द्रा के आग्रह पर बीएमएस की मुहर..  सिंगल यूज प्लास्टिक पर सभी कार्यक्रमों में लगा प्रतिबंध.. 

200

कोरबा। पर्यावरण मंच के अखिल भारतीय प्रभारी लक्ष्मण चन्द्रा के आग्रह पर भारतीय मजदूर संघ ने मुहर लगाते हुए सभी कार्यक्रमो में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बता दें कि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को देखते सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह पर्यावरण मंच के लक्ष्मण चन्द्रा ने भारतीय मजदूर संघ से किया था। श्री चन्द्रा के आग्रह को स्वीकार करते हुए भारतीय मजदूर संघ ने अब सभी कार्यक्रमो में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बीएमएस के राष्ट्रीय महामंत्री रविन्द्र हिमते ने एक पत्र जारी कर सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है। उन्होंने लिखा है कि  प्लास्टिक से पर्यावरण प्रदूषण की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। प्लास्टिक का उपयोग काफी आसान और किफायती भी होता है। यही वजह है कि लोगों के बीच प्लास्टिक से बने उत्पाद बहुतायत मात्रा में है जितना ज्यादा प्लास्टिक इस्तेमाल होता है, उतना ही प्लास्टिक प्रदूषण जैसी खतरनाक समस्या उत्पन्न हो जाती है। यह जनजीवन पर संकट बढ़ाने के साथ ही कई व बीमारियों को निमंत्रण देता है।भारतीय मजदूर संघ के सदस्य भी पर्यावरण मंच के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम एवं जनजागरण कर बढ़ते प्रदूषण के रोकथाम के उपायों की जानकारी समय-समय पर देते रहते है।

अपने पत्र में उन्होंने अनुरोध किया है कि अपने समस्त कार्यक्रमों में भी सिंगल यूज प्लास्टिक से बने सामानों के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया जाये और सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सलाह दी जाये कि वे भी अपने घरों में प्लास्टिक के सामानों का प्रयोग न करें। हमारे द्वारा बढ़ते प्रयोग को रोककर ही इस भयावह समस्या पर काबू पाया जा सकता है। हममें से हर एक को इस समस्या के निवारण के लिये आगे आना होगा।

पर्यावरण मंच लक्ष्मण चन्द्रा का पत्र

 

पर्यावरण प्रदुषण आज पूरे देश के लिये एक बड़ी समस्या बनी हुई है, सरकार इसे कम करने हेतु विभिन्न उपाय कर रही है एवं कड़े नियम भी बना रही है। भारतीय मजदूर संघ के सदस्य पर्यावरण मंच के माध्यम से समय-समय पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम एवं जनजागरण कर, बढ़ते प्रदूषण के रोकथाम के उपायों की जानकारी देने हेतु लोगों के बीच जाते रहते हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक आज समाज एवं पर्यावरण के लिये बड़ी समस्या बनी हुई है, इस समस्या के समाधान करने हेतु भारत सरकार ने प्लास्टिक से बने हुए ऐसे 19 प्रकार के सामान जिनका एक ही बार उपयोग होता है एवं इसे उपयोग पश्चात फेंक दिया जाता है, ऐसे समानों की बिक्री एवं उपयोग पर जुलाई से प्रतिबंध लगा दिया है।

अतः भारतीय मजदूर संघ के समस्त कार्यक्रमों में भी सिंगल यूज प्लास्टिक से बने समानों के उपयोग पर पूर्णत प्रतिबंध लगा दिया जाय एवं सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सलाह दी जाये कि वे भी अपने घरों में उक्त प्रकार के समानों का उपयोग न करें। इस प्रकार के पुनित कार्यों से पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी।