कोरबा। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा खाद्य तेलों एवं दालों की गुणवत्ता एवं शुद्धता के संबंध दिनांक 1 अगस्त से 14 अगस्त के मध्य संपूर्ण देश में सर्विलेंस अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा जिले में कार्यरत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के माध्यम से खाद्य तेलों एवं दालो के सर्विलेंस नमूने लिए जा रहे है। इस कड़ी में आज खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पॉम माल में संचालित रिलायंस मार्ट से सैम्पल कलेक्ट किया। इस अभियान में रामपुर क्षेत्र के किराना दुकानों से सैम्पल लिया गया।
बता दें कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज देश के सभी जिलों में स्थानीय ब्रांड के साथ-साथ ऑल इंडिया ब्रांड के तेलों एवं दालों के सर्विलांस नमूने लिए जाएंगे जिसे राज्य एवं राज्य के बाहर फूड लैब में विभिन्न पैरामीटर्स पर परीक्षण किए जाएंगे
अभियान के दौरान खुले तेलों के विक्रय के संबंध में निगरानी रखी जाएगी साथ ही बिना एगमार्क प्रमाण पत्र के विभिन्न प्रकार के तेलों के मिश्रण कर बेचने वालों पर निगरानी रखी जाएगी
ज्ञात हो कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने तेलों के खुले विक्रय पर प्रतिबंध लगाया हुआ है एवं प्राधिकरण के निर्देशानुसार एगमार्क प्रमाण पत्र के अधीन ही दो या दो से अधिक तेलों का मिश्रण किया जा सकता है।































