Saturday, March 14, 2026
Home Breaking BREAKING NEWS: मुंबई-न्यूयॉर्क एअर इंडिया फ्लाइट में बम की धमकी, विमान वापस...

BREAKING NEWS: मुंबई-न्यूयॉर्क एअर इंडिया फ्लाइट में बम की धमकी, विमान वापस लौटा…

174

The Duniyadari: मुंबई- मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान में बम की धमकी मिलने के बाद विमान को तुरंत मुंबई वापस लाया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विमान में 320 से अधिक यात्री सवार थे और वह सुरक्षित रूप से मुंबई हवाई अड्डे पर उतर गया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।

एअर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान में बताया गया, “आज, 10 मार्च 2025 को, मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) उड़ान एआई 119 में संभावित सुरक्षा खतरे का संकेत मिला। सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, विमान को मुंबई वापस लाया गया।” सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के शौचालय में एक पत्र मिला, जिसमें बम रखे होने की धमकी दी गई थी।

सूत्रों ने बताया कि बोइंग 777-300 ईआर विमान में चालक दल के 19 सदस्यों सहित कुल 322 लोग सवार थे। एयरलाइन के अनुसार, विमान सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर सुरक्षित रूप से मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा। एयर इंडिया ने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और एयरलाइन इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग कर रही है। इस उड़ान को अब पुनर्निर्धारित कर 11 मार्च को सुबह 5 बजे प्रस्थान करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों के लिए होटल में ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

पिछले सप्ताह भी एयर इंडिया की उड़ान में आई थी परेशानी

इससे पहले, एयर इंडिया की शिकागो-दिल्ली उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण वापस शिकागो लौटना पड़ा था। एयर इंडिया की उड़ान AI126 ने 6 मार्च 2025 को शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन लगभग 10 घंटे बाद विमान को शिकागो लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के शौचालय जाम हो गए थे, जिससे परिचालन संबंधी बाधाएं उत्पन्न हुईं।

एयर इंडिया ने यात्रियों से मांगी माफी

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा, “शिकागो-दिल्ली उड़ान तकनीकी समस्या के कारण वापस लौट आई। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित रूप से उतर गए और उन्हें हरसंभव सुविधा प्रदान की गई। इसके अलावा, यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था की गई और जिनका कार्यक्रम प्रभावित हुआ, उन्हें टिकट रिफंड किया गया। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा एयर इंडिया की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”