The Duniyadari: बिलासपुर जिले के रतनपुर और कोटा क्षेत्र में बदमाशों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। एक मामले में बाइक को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला किया गया, जबकि दूसरी घटना में चलती कार पर पथराव कर युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
पहली घटना कोटा-रतनपुर मार्ग पर स्थित लखनी देवी मंदिर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, कोटा के श्रीपारा निवासी अजय ध्रुव अपने मित्र राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ ग्राम घासीपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को खतरनाक तरीके से कट मार दिया।
इस पर अजय और उसके साथियों ने आपत्ति जताई, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर अजय ध्रुव पर हमला कर दिया। हमले में अजय की पीठ पर गंभीर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घायल अजय को तत्काल कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना में चलती कार पर पथराव किए जाने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












