Saturday, March 7, 2026
Home छत्तीसगढ़ CG News: पुलिस को देखकर भड़के प्रदर्शनकारी नेता, शिक्षकों ने फूंकी सरकारी...

CG News: पुलिस को देखकर भड़के प्रदर्शनकारी नेता, शिक्षकों ने फूंकी सरकारी आदेश की कॉपी, कई गिरफ्तार

191

रायपुर। CG News: वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर नवा रायपुर में हड़ताल कर रहे सहायक शिक्षकों गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। सहायक शिक्षकों ने नवा रायपुर स्थित धरना स्थल तूता में विभाग के आदेश की कॉपी जलाई और शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कई शिक्षक नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

18 अगस्त को जारी किया गया था आदेश

दरअसल 18 अगस्त को लोक शिक्षण संचालनालय ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, DEO और विकास खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रदर्शनकारी शिक्षकों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसमें पहले शिक्षकों को हड़ताल खत्म करने के लिए समझाने, फिर भी वे नहीं मानते तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के आदेश दिए गए थे। आदेश में कहा गया था कि अगर वे 24 घंटे में स्कूलों में नहीं लौटते तो विभाग आगे की कार्यवाही करेगा।

शिक्षक नेताओं को नजरबंद करने का दावा

सहायक समग्र शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने बताया कि प्रदेश के एक लाख से ज्यादा सहायक शिक्षक सभी जिलों में आंदोलन कर रहे हैं। हमने शासन के आंदोलन को दबाने वाले आदेश की होली जलाई है। हम वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे हैं। इस पर विचार करने की जगह प्रशासन हमारे ऊपर कार्यवाही करना चाहता है, जो गलत है। संघ का दावा है कि जेल भरो आंदोलन के ऐलान के बाद पुलिस ने कई शिक्षक नेताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया था।

वेतन विसंगति दूर करने की मांग

सहायक शिक्षक फेडरेशन वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर आंदोलनरत है। इसमें पूर्ण पेंशन के लिए 20 साल की सेवा किए जाने की मांग है। इसके खिलाफ ब्लॉक स्तर पर 10 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया गया है। इसके बाद शिक्षकों ने 13 अगस्त को रायपुर के बूढ़ा तालाब में आक्रोश रैली की इजाजत मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। फिर संघ ने अगले चरण में 18 अगस्त को जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया था।