Saturday, March 7, 2026
Home कोरबा Charge of Theft : मुर्गा चुराने के आरोप में युवक की जमकर...

Charge of Theft : मुर्गा चुराने के आरोप में युवक की जमकर पिटाई…उंगली को दांत से काटकर किया जख्मी

280

कोरबा। Charge of Theft : मुर्गा चोरी का आरोप लगाते हुए एक युवक ने पड़ोसी की जमकर पिटाई कर दी. उसने खुद को बचाने का प्रयास कर रहे अधेड़ की उंगली को दांत से काटकर जख्मी कर दिया. मामले में पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मारपीट की धारा के तहत कार्रवाई की. इसके अलावा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल दाखिल करा दिया है.

सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत मैग्जीन भांठा में जितेंद्र साहू निवास करता है. उसने शौकिया तौर पर मुर्गी पाला हुआ है. उसका एक मुर्गा अचानक गायब हो गया. उसे पड़ोस में ही रहने वाले हनुमान प्रसाद निषाद पर मुर्गा चोरी करने का संदेह था.

इसी बात को लेकर देर शाम जितेंद्र नशे में धुत होकर हनुमान के घर पहुंचा. उसने मुर्गा चोरी का आरोप लगाते हुए हनुमान से गाली गलौज कर मारपीट शुरू कर दी. जब अधेड़ खुद को बचाने का प्रयास कर रहा था, तो जितेंद्र ने उसकी एक उंगली को दांत से काट लिया, जिससे अधेड़ जख्मी हो गया.

इस पूरे मामले की शिकायत हनुमान ने पुलिस चौकी पहुंचकर की. पुलिस चौकी प्रभारी शिव कुमार धारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम रवाना कर दिया. मामले में जांच उपरांत आरोपी के खिलाफ धारा 294, 506,323 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.

इसके अलावा धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जमानत के अभाव में जेल दाखिल कराया गया है.