Friday, March 20, 2026
Home कोरबा CISF जवान ने डंपर ऑपरेटर को कह दिया चोर…और आधी रात खदान...

CISF जवान ने डंपर ऑपरेटर को कह दिया चोर…और आधी रात खदान में मच गया बवाल, SECL और सुरक्षा बल के आला अफसरों ने पहुंचकर सम्भाला मामला

639

कोरबा। एसईसीएल की कोयला खदान में आधी रात बवाल मच गया। दरअसल खदान की चौकसी में तैनात CISF के एक जवान ने एक डम्पर ऑपरेटर को खुलेआम चोर कह डाला। इतना ही नहीं, जवान ने खदान में लगातार हो रही डीजल चोरी के लिए एसईसीएल के ऑपरेटरों पर डीजल चोरों के साथ सांठगांठ होने का सन-सनी खेज भी आरोप भी लगाया है। इससे एसईसीएल के श्रमिक युनियन के नेता भी मौके पर पहुंच गए। गर्मा-गर्मी के माहौल में एसईसीएल और CISF के आला अफसरों ने देर रात खदान पहुंचकर मामला शांत कराया।

यह मामला एसईसीएल की गेवरा ओपन कास्ट परियोजना की है। खदान के वेस्ट सेक्शन में डंपर ऑपरेटर और सीआईएसएफ जवान के बीच तनातनी हो गई। सूत्रों के अनुसार खदान में उस वक्त माहौल गर्म हो गया जब CISF के एक जवान ने खुलेआम डम्पर ऑपरेटर को चोर कहा। उसने यह भी आरोप लगाया कि ऑपरेटरों की डीजल चोरों के साथ सांठगांठ है। विवाद बढ़ता देख मौके पर ट्रेड यूनियन के नेता और प्रबंधन के प्रोजेक्ट मैनेजर सहित बड़े अधिकारी पहुंच गए। इस दौरान लगभग 50 से 60 डंपर ऑपरेटरों के द्वारा उत्पादन कार्य को रोक कर काम अवरुद्ध कर दिया गया। बताया गया कि ऑपरेटर ने मांग किया कि जब तक CISF जवान माफी नहीं मांगेगा तब तक डंपर ऑपरेटर काम पर नहीं जाएंगे। इसके बाद किसी तरह देर रात तक मामले में सुलह कराया जा सका।

डंपर की टंकी से पाइप डालकर चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज है

 

 

उल्लेखनीय होगा कि गेवरा परियोजना खदान क्षेत्र में सुरक्षा उपनिरीक्षक धनाराम ने प्रतिबंधित क्षेत्र खदान के सद्भाव फेस में खड़े डम्पर बेलाज 150 टन क्रमाँक 4085 के टंकी से पाइप डालकर डीजल चोरी करने की रिपोर्ट दीपका थाना में दर्ज कराया है। घटना दिनांक 23 जुलाई की रात 3 बजे पेट्रोलिंग पार्टी को इसकी सूचना मिली थी कि रौनक गुप्ता निवासी दीपका अपने साथियों के साथ डंपर की टंकी से डीजल निकालकर चोरी कर रहा है। पेट्रोलिंग पार्टी वहां पहुंची तो तब तक रौनक गुप्ता और साथी भाग चुके थे। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देते हुए 200 लीटर डीजल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रौनक गुप्ता व साथियों पर 34, 379, 447 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर तलाश की जा रही है।