The Duniyadari: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलिकॉप्टर के पास शनिवार को संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने से हड़कंप मच गया। यह घटना मालदा जिला के मालतीपुर इलाके में हुई, जहां मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलिकॉप्टर की ओर बढ़ रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही मुख्यमंत्री हेलिपैड पर पहुंचीं, हेलिकॉप्टर के सामने एक ड्रोन मंडराता नजर आया। इसे देखते ही ममता बनर्जी कुछ पल के लिए रुक गईं और माइक के जरिए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रोन संचालित करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री उस दिन जिले में लगातार तीन सभाएं कर रही थीं। उन्होंने पहले माणिकचक में सभा को संबोधित किया था और मालतीपुर के बाद गाजोल में तीसरी रैली के लिए रवाना होना था।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और ड्रोन के स्रोत व उद्देश्य की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में ड्रोन कैसे पहुंचा।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में मुख्यमंत्री की हवाई यात्रा के दौरान कई बार बाधाएं सामने आ चुकी हैं। 26 मार्च को खराब मौसम के चलते उनका विमान कोलकाता के ऊपर काफी देर तक चक्कर लगाता रहा था। वहीं 1 अप्रैल को मुर्शिदाबाद जिला में भी खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर को निर्धारित स्थान पर उतरने में दिक्कत हुई थी।
मालदा में ड्रोन की ताजा घटना के बाद अब मुख्यमंत्री के चुनावी दौरे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सिरे से सवाल उठने लगे हैं, जबकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई हैं।















