Thursday, May 14, 2026
Home Breaking CM साय ने गृहमंत्री शाह को बताया बस्तर का नया चेहरा: 21.86...

CM साय ने गृहमंत्री शाह को बताया बस्तर का नया चेहरा: 21.86 लाख लोगों की जांच पूरी

3

The Duniyadari: नई दिल्ली-  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर में चल रहे विकास और स्वास्थ्य अभियानों की जानकारी साझा की। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। मुख्य फोकस ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ पर रहा।

*दुर्गम इलाकों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधा*

CM साय ने बताया कि जहां पहले एम्बुलेंस पहुंचना नामुमकिन था, अब वहां डॉक्टरों की टीमें पैदल जाकर लोगों की जांच कर रही हैं। गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और मुफ्त इलाज दिया जा रहा है। बीते एक महीने में 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग हुई और उनके डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किए गए। हजारों मरीजों को उच्च केंद्रों में रेफर किया गया।

*सुरक्षा शिविरों का नया रूप*

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के पुराने सुरक्षा शिविर अब सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं। इन्हें “जन सुविधा केंद्र” के तौर पर विकसित किया जा रहा है। यहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और योजनाओं से जुड़ी सभी बुनियादी सेवाएं एक ही जगह मिल रही हैं। दस्तावेज और इलाज के लिए अब लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती।

*जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चालू*

13 अप्रैल 2026 को सुकमा से शुरू हुए स्वस्थ बस्तर अभियान में 36 लाख लोगों को कवर करने का लक्ष्य है। ‘बस्तर मुन्ने’ अभियान के तहत 31 अहम योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से बस्तर के लोगों को अब रायपुर-बिलासपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। डायल-112 नेक्स्ट जेन सेवा का विस्तार भी जारी है।

*विकास रोडमैप पेश किया*

CM साय ने गृहमंत्री को बस्तर का विकास रोडमैप सौंपा। इसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और निवेश पर जोर है। उन्होंने कहा कि सुकमा के सुदूर गांव से गंभीर मरीज को सैकड़ों किमी दूर अस्पताल पहुंचाकर इलाज कराना बदलते बस्तर की मिसाल है।

गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में स्वास्थ्य और विकास कार्यों की तारीफ की। कहा कि केंद्र-राज्य मिलकर आखिरी छोर तक लाभ पहुंचा रहे हैं। गृहमंत्री का 18-19 मई को बस्तर दौरा प्रस्तावित है।