Saturday, March 14, 2026
Home छत्तीसगढ़ CSPDCL में साइबर सुरक्षा को मिला तकनीकी कवच, जागरूकता सामग्री का विमोचन

CSPDCL में साइबर सुरक्षा को मिला तकनीकी कवच, जागरूकता सामग्री का विमोचन

36

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने साइबर सुरक्षा को और मजबूती देते हुए नई जागरूकता सामग्री जारी की है। विद्युत सेवा भवन में आयोजित एक सरल कार्यक्रम में कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव ने साइबर सुरक्षा संक्षेपिका और कंप्यूटर डेस्क मैट का विमोचन किया। इन पर उपयोगकर्ताओं के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़े आवश्यक “क्या करें–क्या न करें” जैसी हिदायतें दर्ज की गई हैं।

कार्यक्रम में डॉ. यादव ने कहा कि कंपनी का सूचना सुरक्षा प्रकोष्ठ (ISC) आधुनिक तकनीक के साथ नेटवर्क, सर्वर, डाटा और वेबसाइट की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों के लिए हर वर्ष साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण को आवश्यक बताते हुए कहा कि डिजिटल खतरों से निपटने के लिए जागरूकता सबसे बड़ी ताकत है।

सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने जानकारी दी कि कंपनी मुख्यालय में 24×7 संचालित सेंट्रलाइज्ड साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (C-SOC) उपभोक्ताओं के डेटा की सुरक्षा का निरंतर निरीक्षण करता है। यह सार्वजनिक क्षेत्र की पॉवर कंपनियों में देश का पहला ऐसा सुरक्षा केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों साइबर हमलों को विफल किया जाता है।

इसके अलावा अक्टूबर माह को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह के रूप में मनाते हुए कंपनी ने विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण और जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया। इस दौरान कार्यपालक निदेशक (EITC) विनोद कुमार साय, अधीक्षण अभियंता (ISC) विकास शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

साइबर सुरक्षा मानकों का कठोरता से पालन करने के लिए CSPDCL को पिछले दस वर्षों से लगातार ISO-27001 प्रमाणन प्राप्त है, जो सूचना सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली के सफल अनुपालन का प्रमाण माना जाता है।