The Duniyadari: रायपुर- छत्तीसगढ़ में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां डीएसपी की बेटी और कंटेंट क्रिएटर निवेदिता मंडावी को अपहरण और गैंगरेप की धमकी देने की साजिश रची गई। आरोपियों के बीच हुई आपत्तिजनक चैट सामने आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केसकाल थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, निवेदिता मंडावी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मुद्दों से जुड़े वीडियो बनाती हैं। इसी कारण कुछ युवकों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की योजना बनाई थी। आरोपियों की आपसी चैट सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती की सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे थे और उसी आधार पर साजिश रची गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश जारी है।
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी विकास बघेल ने बताया कि जैसे ही आपत्तिजनक चैट की जानकारी मिली, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की आपराधिक साजिशों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कोंडागांव के एएसपी कपिल चंद्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।















