कोरबा। नगर निगम जनता की सुविधा को देखते हुए सर्दी से राहत दिलाने चौक चौराहों में अलाव की सुविधा उपलब्ध कराता है।अब सर्दी तो चली गई लेकिन निगम के अलाव जलाने का क्रम अभी भी जारी है। हां ये बात अलग है कि ये अलाव सफाई कर्मचारियो के द्वारा इकट्ठा किया गया कचरा होता है। मतलब निगम के सफाई ठेकेदार कचरा जलाकर आम लोगो को राहत दे रहे है।

 नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे है। इसके बाद भी निगम के ठेकेदारों की मनमानी पर लगाम नही लग पा रहा है। ताजा मामला पुराना बस स्टैंड के समीप मुख्य मार्ग का है जहां सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाकर एकत्र कचरा को जला रहे है। सफाई कर्मचारियों का ये कारनामा एक दिन का नही बल्कि ये रूटीन बन गया है।

 

देखें वीडियो

 

 

सफाई ठेकेदार अपनी बला टालने के लिए कचरा इकट्ठा कर सड़क पर जलाकर नष्ट कर रहे है। जिससे उनका कचरा शिफ्टिंग का खर्चा तो बच रहा है लेकिन लोगो के जीवन से स्वास्थ्यगत खिलवाड़ हो रहा है।

 इतवारी बाजार की स्थिति बदतर

किसी समय इतवारी बाजार सबसे बड़ा बाजार हुआ करता था जो आज महज चिकन और मटन बाजार बन कर रह गया है। मांस के कारोबारी बाजार में इस कदर हावी है कि निगम के अधिकारी उनके आगे नतमस्तक हो गए है। मांस कारोबारी दिन भर के बजबजाते मांस के अपशिष्टों को सड़क के बीच छोड़कर चले जाते है जिसकी बदबू से आम लोगों का राह चलना दुभर हो गया है।

आवश्यकता रात्रि पाली वाले सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी मटन मार्केट में लगाने की 

सड़क पर दुकान सजा कर कारोबार करने वाले व्यापारियों की बड़ी संख्या इतवारी में ज्यादा है, सो स्वाभाविक है यहां कचरा भी सबसे अधिक निकलता है लेकिन इसके इतवारी बाजार में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी नही लगाई गई है।  दिन भर का कचरा सड़क बिखरा पड़ा रहता है। आम लोगो की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इतवारी बाजार में रात्रि पाली सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की आवश्यकता है लेकिन निगम प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।