Monday, March 16, 2026
Home कोरबा Korba: दायित्वों के बीच बचपन, जवानी कब गुजर गई, इसका एहसास सेवानिवृत्ति...

Korba: दायित्वों के बीच बचपन, जवानी कब गुजर गई, इसका एहसास सेवानिवृत्ति पर होता है, आज वही पल है: दीवान

278

0 28 वर्षों की सेवा प्रदान कर रिटायर हुए संयुक्त कलेक्टर सेवाराम दीवान, शॉल-श्रीफल से किया गया सम्मान

कोरबा। जीवन की प्रवृत्ति और निवृत्ति दो विशेष पड़ाव हैं। हम अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जीवन के अंतिम सफर की ओर आगे बढ़ जाते हैं। इस स्वाभाविक प्रवृत्ति में अमूल्य बचपन, जवानी सब बीत जाता है। सेवानिवृत्ति के अवसर पर ही जीवन के बाकी पहलुओं का एहसास होता है। कोरबा में कार्य करना एक सुखद अनुभव रहा।

 

 

यह बातें संयुक्त कलेक्टर रहे सेवाराम दीवान ने शुक्रवार को 28 वर्षों की सेवा के पश्चात अपने रिटायरमेंट के अवसर पर कहीं। उनके सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। अपर कलेक्टर प्रदीप साहू ने कहा कि जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सेवाराम दीवान कुशल प्रशासनिक अधिकारी के साथ ही एक अच्छे इंसान हैं। उन्होंने विधानसभा निर्वाचन का कार्य भी सरल एवं सहज तरीके से संपादित किया है। इनके लंबे 28 वर्ष के सेवा काल का अनुभव प्रशासन को मिला है। उनके इस योगदान को जिला प्रशासन हमेशा याद रखेगा। कलेक्टोरेट के सभागार में आयोजित समारोह में अपर कलेक्टर श्री साहू ने श्री दीवान को सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दी। अपर कलेक्टर दिनेश नाग ने कहा कि श्री दीवान के साथ कार्य करने का अनुभव सुखद रहा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति का मतलब विभाग से दूर जाना नहीं है, हम सभी से उनका आत्मीय लगाव बना रहेगा। संयुक्त कलेक्टर अवध सिंह राणा ने श्री दीवान के साथ कार्य अनुभव को साझा करते हुए कहा कि वह दोनों कांकेर जिले में तहसीलदार के पद पर पदस्थ थे। लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं। उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ जिले को मिला है। विदाई समारोह के मुख्य अतिथि सेवा राम दीवान ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में लंबे समय से रहने के बाद आज सेवानिवृत्ति के अवसर पर बेहद सुखद अनुभूति महसूस हो रही है। उन्होंने अपने लंबी सेवा अवधि के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी पहली पदस्थापना यूडीटी के रूप में अविभाजित मध्यप्रदेश के गुना जिले में 1988 में हुई थी। उसके बाद 1995 में नायब तहसीलदार के रूप में जिला बेमेतरा, कांकेर आदि में सेवा कार्य करते हुए कोरबा जिले से आज सेवानिवृत्ति हो रहे हैं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, संयुक्त कलेक्टर अवध सिंह राणा, डिप्टी कलेक्टर विकास चौधरी, सरोज महिलांगे ने श्री दीवान को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री दीवान को पुष्पगुच्छ एवं हार पुष्प पहनाकर उन्हें सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं दी।