Tuesday, March 10, 2026
Home Breaking KORBA नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण पर बवाल, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना...

KORBA नगर निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण पर बवाल, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने सौंपा ज्ञापन

111

The Duniyadari: कोरबा। कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे नगर निगम के सौंदर्यीकरण कार्यों को भी नहीं बख्श रहे हैं। ताजा मामला चेक पोस्ट वार्ड क्रमांक 38 का है, जहां नगर निगम द्वारा कराए गए सौंदर्यीकरण के बीचोंबीच ही अवैध कमर्शियल दुकान का निर्माण कर दिया गया है।

पूर्व पार्षद पर अतिक्रमण का आरोप

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस अवैध निर्माण को पूर्व पार्षद देवी दयाल सोनी द्वारा कराया गया है। इसके लिए कई पेड़ों को भी काटा गया है। लोगों का कहना है कि पूर्व पार्षद ने सौंदर्यीकरण स्थल के बगल में भी कब्जा कर लिया है, जिससे नगर निगम के कार्य की उपयोगिता पर सवाल उठ गए हैं।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने जताया विरोध

अवैध निर्माण के खिलाफ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन के बालको सचिव बसंत दास महंत के नेतृत्व में आयुक्त नगर निगम कोरबा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि चेक पोस्ट एकता नगर मेन रोड, वार्ड क्रमांक 38 में हो रहे अवैध निर्माण पर तुरंत रोक लगाई जाए और उसे हटाया जाए।

स्थानीय नागरिकों में आक्रोश

अवैध दुकान का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोग नगर निगम से अवैध कब्जे को हटाने की मांग कर रहे हैं।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी दी गई जानकारी

ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा और जिला पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है, ताकि अवैध निर्माण के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई हो सके। वार्ड पार्षद को भी इस मामले की जानकारी दी गई है।