The Duniyadari: कोरबा- पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने रविवार को कोरबा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के प्रमुख चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता की कमर टूट गई है और महंगाई चरम पर पहुंच गई है।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए तथा पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।















