The Duniyadari: कोरबा- जिले के पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक मुख्यालय स्थित सरकारी एकलव्य छात्रावास में छात्राओं के बीच हुआ मामूली विवाद गंभीर घटना में बदल गया। एक ही कक्षा में पढ़ने वाली पांच छात्राओं ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना से छात्रावास प्रबंधन में हड़कंप मच गया। बीमार छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना 25 मार्च की है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है। छात्रावास में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर छात्राओं के बीच विवाद शुरू हुआ था। एक छात्रा को मोबाइल का उपयोग करते पकड़े जाने के बाद उसे फटकार लगाई गई, जिसके बाद छात्राओं के बीच कहासुनी और गुटबाजी बढ़ गई। इसी तनाव और नाराजगी में पांचों छात्राओं ने छात्रावास में रखा फिनाइल पी लिया।
छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर छात्रावास प्रबंधन ने तत्काल कदम उठाते हुए उन्हें चिकित्सा सहायता दिलाई। दो छात्राओं की हालत सामान्य होने पर उन्हें छात्रावास में ही निगरानी में रखा गया, जबकि तीन छात्राओं की स्थिति गंभीर होने पर शाम करीब 7 बजे स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में रातभर इलाज के बाद उनकी तबीयत में सुधार हुआ और अगले दिन उन्हें छुट्टी देकर परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर इस मामले को दबाने की भी चर्चा हो रही है। वहीं कुछ दिनों पहले छात्रावास में रसोइये द्वारा एक छात्र पर हमले की घटना भी सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है और छात्रावासों में निगरानी बढ़ाने की मांग तेज हो गई है।















