Tuesday, March 31, 2026
Home Breaking KORBA BREAKING: मंत्री देवांगन के काफिले की गाड़ी पर गिरा पत्थर, जांच...

KORBA BREAKING: मंत्री देवांगन के काफिले की गाड़ी पर गिरा पत्थर, जांच में निकली बच्चों की शरारत

12

The Duniyadari: कोरबा- मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित साहू समाज भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हलचल मच गई, जब मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले में खड़ी एक वाहन पर अचानक पत्थर का छोटा टुकड़ा आ गिरा। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद चार नाबालिग बच्चों को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि कोई सुनियोजित पथराव नहीं किया गया था। बच्चे भवन के पास खेल रहे थे और खेलते-खेलते उछाला गया पत्थर अनजाने में काफिले की गाड़ी पर जा गिरा।

घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने स्वयं चौकी में फोन कर बच्चों के प्रति नरमी बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह घटना खेल-खेल में हुई है और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया जाए।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि मामला पूरी तरह आकस्मिक था और किसी भी तरह की साजिश या सुरक्षा में चूक के संकेत नहीं मिले हैं। पूछताछ के बाद सभी नाबालिगों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

हालांकि एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।