The Duniyadari: कोरबा- मानिकपुर क्षेत्र में हुए बहुचर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विशेष टीमों ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचकर मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, 6 और 7 जून की दरम्यानी रात चन्द्रमणि रात्रे उर्फ दादू गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। जांच में सामने आया कि उन्हें बोलेरो वाहन से कुचलकर हमला किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी थी।
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने सहयोगी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी बरामद कर लिया है। जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम बलगी क्षेत्र में हुई एक डकैती की घटना से भी जुड़ा हुआ है, जिससे पुलिस को एक अन्य मामले में भी अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। साथ ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।















