Thursday, March 19, 2026
Home छत्तीसगढ़ Mission 2023: रायपुर में बोले प्रधानमंत्री मोदी.करप्शन और कुशासन का मॉडल बन...

Mission 2023: रायपुर में बोले प्रधानमंत्री मोदी.करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है छत्तीसगढ़ सरकार, घोषणा पत्र की याद दिलाते ही चली जाती है याददाश्त

419

रायपुर। Mission 2023: छत्तीसगढ़ में विधान सभा के पहले रायपुर दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में की। जय जोहार बोलकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। सभा में शामिल होने पहुंच रहे तीन कार्यकर्ताओं की मौत पर उन्होंने दुख जताया। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

साइंस कॉलेज के मैदान में पीएम मोदी ने अपने भाषण में जहां केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की वहीं कांग्रेस सरकार की जमकर खिंचाई करते हुए कहा ये करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7600 करोड़ के कई योजनाओं की सौगात दी।

सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस के पंजे ने ठान लिया है कि वो छत्तीसगढ़ के लोगों को लूट लूट कर बर्बाद कर देगा। इस राज्य के निर्माण में भाजपा की बड़ी भूमिका रही है। भाजपा ही छत्तीसगढ़ के लोगों को समझती है, इसलिए दिल्ली से पूरी ताकत लगा रही है।
इसीलिए आज 7 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास हुआ है।

घोषणा पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त चली जाती है

पीएम ने कहा, अगले 25 साल छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके सामने एक बड़ा पंजा खड़ा हो गया है। गंगा जी की झूठी कसम खाने का पाप कांग्रेस ही कर सकती है, गंगा जी हाथ में लेकर दावा किया था, लेकिन आज घोषणा पत्र की याद दिलाते ही कांग्रेस की याददाश्त चली जाती है
इनके फरेब की पोल खोलने के लिए इनके एक वादे की याद दिलाना चाहता हूं, वो वादा था शराबबंदी लागू करने का। कहा था कि अनुसूचित क्षेत्र में ग्राम सभाओं को शराबबंदी का अधिकार दिया जाएगा, लेकिन हजारों करोड़ रुपए का शराब घोटाला कर दिया है।

कांग्रेस के लिए एटीएम है छग

मोदी ने कहा, बीते तीन चार वर्षों में जो चुनाव देश में हुए उसकी जिम्मेदारी यहां के नेताओं को इसीलिए दी जाती थी क्योंकि कांग्रेस के लिए छग एटीएम है। यहां कोई विभाग, काम ऐसा नहीं है जिसमें घोटाला नहीं है, सेंड माफिया, लैंड माफिया, कोल माफिया न जाने कैसे कैसे माफिया यहां फल फूल रहे हैं।

केंद्र की योजनाओं की तारीफ

जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि 9 साल पहले छत्तीसगढ़ के 30 फीसदी गांवों से ज्यादा में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी अब यह 6 प्रतिशत रह गई है। रायपुर-धनबाद, रायपुर-विशाखापट्टनम कारीडोर से यहां की विकास की नयी गाथा लिखी जाएगी। माइंस और मिनरल एक्ट बदले जाने के बाद छत्तीसगढ़ क अधिक पैसा मिला। 2014 में प्रदेश को 13 सौ करोड़ मिले थे, लेकिन 20-21 तक बढ़कर 2800 करोड़ रुपए रायल्टी मिलने लगी।

पीएम ने कहा, डीएमएफ राशि बढ़ी तो जिलों का विकास बढ़ा। छग में 1 करोड़ 60 लाख से ज्यादा जनधन खाते खुले। इनमें गरीबों के 6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा जमा हैं। युवाओं को स्वरोजगार के लिए 40 हजार करोड़ रुपए से अधिक मदद दी गई है। कोरोना काल में छत्तीसगढ़ के 2 लाख उद्यमियों को 5 हजार करोड़ रुपए की मदद दी।

मोदी ने कहा कि 60 हजार से ज्यादा रेहड़ी-पटरी वालों को नगद मदद दी गई। मनरेगा में 25 हजार करोड़ रुपए की मदद दी। आयुष्यमान योजना के तहत छग के 75 लाख लोगों को मदद की जा रही है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि आयुष्यमान कार्ड पूरे देश में कहीं भी मदद दिला सकता है। विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार छत्तीसगढ़ के हर व्यक्ति की मदद करती रहेगी।