Wednesday, March 4, 2026
Home राजनीति Modi cabinet reshuffle: 6 और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलेगी भाजपा, कैबिनेट...

Modi cabinet reshuffle: 6 और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलेगी भाजपा, कैबिनेट में भी फेरबदल की तैयारी, छत्तीसगढ़ से इनको मौका

406

नई दिल्ली। Modi cabinet reshuffle: भाजपा ने मंगलवार को पंजाब, तेलंगाना और झारखंड समेत 4 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए थे। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा अब 6 और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलने वाली है। इसे लेकर अगले एक से दो दिनों में फैसला हो सकता है।

भाजपा जिन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदलने वाली हैं, उनमें मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक और केरल शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि पद छोड़ने वाले कई अध्यक्षों को मोदी सरकार में एंट्री मिल सकती है। कैबिनेट में होने वाले इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के दो सांसदों को मंत्री बनने का मौका मिल सकता है।

मोदी कैबिनेट में बदलाव के लिए भी तैयार हो रही जमीन

संगठन में फेरबदल के साथ ही मोदी कैबिनेट में भी बदलाव की चर्चाएं जोरों पर है। भाजपा ने जी. किशन रेड्डी को तेलंगाना का अध्यक्ष बनाया है, जो अब तक पर्यटन मंत्री हैं। अब वह पद छोड़ेंगे तो निश्चित तौर पर केंद्रीय मंत्री के तौर पर कोई और नेता आएगा। इसके अलावा कुछ और नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है, जबकि कुछ मंत्रियों की संगठन में वापसी हो सकती है।

सबसे ज्यादा चर्चा गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल की है, जो लोकसभा के सांसद भी हैं। इसलिए तकनीकी तौर पर उन्हें मोदी सरकार में एंट्री देना आसान होगा। सीआर पाटिल ने 2014 में नवसारी सीट से जीत हासिल की थी। फिर 2019 में उन्होंने रिकॉर्ड 6 लाख वोटों के अंतर से कांग्रेस उम्मीदवार को मात दी थी।

पाटिल के अलावा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष वीडी शर्मा भी केंद्रीय मंत्री बन सकते हैं। वह राज्य की खजुराहो लोकसभा सीट से सांसद हैं। वीडी शर्मा को मध्य प्रदेश से दिल्ली लाने का फैसला हो चुका है, लेकिन उत्तराधिकारी पर अंतिम फैसला बाकी है। इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष बदलने के ऐलान में देरी हो रही है। चर्चा है कि वीडी शर्मा की जगह पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के नाम चर्चा में हैं।

फेरबदल में छत्तीसगढ़ के दो सांसदों को मंत्री का मौका

एमपी, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से बीजेपी के पास 62 सांसद हैं। मौजूदा सरकार में इन तीनों राज्यों से 10 मंत्री कैबिनेट में शामिल हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इनमें से कमजोर प्रदर्शन करने वाले 1-2 का पत्ता कट सकता है। राजनीति के जानकारों की माने तो मोदी कैबिनेट के आगामी विस्तार में मध्य प्रदेश को 3, छत्तीसगढ़ को 2 और राजस्थान को 2 और मंत्री पद मिल सकता है।

बात छत्तीसगढ़ की करें तो यहां से विजय बघेल और सरोज पांडेय मंत्री को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है। साथ ही इन तीनों राज्यों के कई सीनियर नेताओं को संगठन में भी एडजस्ट करने की भी चर्चा है।