Friday, June 19, 2026
Home Breaking NEET परीक्षा देने जेल से जाएगा छात्र, हाईकोर्ट ने पुलिस सुरक्षा में...

NEET परीक्षा देने जेल से जाएगा छात्र, हाईकोर्ट ने पुलिस सुरक्षा में परीक्षा में बैठने की दी अनुमति

8

The Duniyadari: Bilaspur- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए रायपुर सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को आगामी नीट परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है। छात्र की ओर से दायर अंतरिम आवेदन पर त्वरित सुनवाई करते हुए अदालत ने प्रशासन को परीक्षा में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मामले के अनुसार, छात्र एक आपराधिक प्रकरण में गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में जेल में निरुद्ध है। छात्र ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट में आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वह नीट-2026 परीक्षा का अभ्यर्थी है और 21 जून को रायपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होना चाहता है। आवेदन में यह भी आग्रह किया गया कि परीक्षा की तैयारी के लिए उसे आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने छात्र के शैक्षणिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए रायपुर के पुलिस अधीक्षक और संबंधित जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन छात्र को कड़ी सुरक्षा और पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा केंद्र तक ले जाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि वह निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सके। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसे पुनः जेल वापस लाया जाएगा।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि अभी तक मामले में आरोप पत्र दाखिल नहीं किया गया है, इसलिए प्रकरण की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद की जाएगी। इसके साथ ही रजिस्ट्रार (न्यायिक) को आदेश की प्रति संबंधित ट्रायल कोर्ट, पुलिस अधीक्षक तथा जेल अधीक्षक को तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आदेश का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जा सके।

हाईकोर्ट के इस फैसले को शिक्षा के अधिकार और न्यायिक संवेदनशीलता के संतुलित दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है, जिससे छात्र को कानूनी प्रक्रिया के बीच भी अपनी शैक्षणिक संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिल सके।