Tuesday, May 12, 2026
Home Breaking NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नासिक से एक गिरफ्तार, NTA डीजी...

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नासिक से एक गिरफ्तार, NTA डीजी बोले- परीक्षा रद्द करना शर्मनाक लेकिन जरूरी; CBI करेगी पूरे नेटवर्क की जांच

7

The Duniyadari: नई दिल्ली-  NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नासिक पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दोबारा एग्जाम कराने का ऐलान किया है। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने इस फैसले को छात्रों, अभिभावकों और एजेंसी के लिए बेहद कठिन और शर्मनाक बताया, लेकिन कहा कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा।

*7 मई को मिले थे व्हाट्सएप पर सवाल*

आजतक से बातचीत में अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात NTA को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले। इनमें शेयर किए गए सवाल NEET के पेपर से मेल खाते थे। मैसेज मिलते ही इन्हें जांच के लिए तुरंत कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा वाले दिन कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई थी और एग्जाम शांतिपूर्ण रहा, मगर आरोपों की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू की गई।

*8-9 मई को जांच, 10 मई को मिली पुष्टि*

NTA डीजी के मुताबिक 8 और 9 मई को एजेंसियों ने व्हाट्सएप मैसेज की जांच की। 10 और 11 मई को कुछ आरोप सही पाए गए। इसके बाद NTA ने तय किया कि निष्पक्षता पर सवाल उठने पर परीक्षा रद्द करना ही सही रहेगा।

*लीक का दायरा कितना बड़ा, CBI बताएगी*

अभिषेक सिंह ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितना बड़ा था और कितने छात्रों तक सवाल पहुंचे। मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है। CBI ही पता लगाएगी कि लीक सिर्फ एक राज्य में हुआ या कई राज्यों तक फैला है।

फिलहाल NTA नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करेगा। लाखों छात्रों को दोबारा परीक्ष देनी होगी।