Saturday, March 21, 2026
Home कोरबा NH-130 पर कसी लगाम: कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर स्पीडोमीटर से निगरानी, ओवरस्पीड वाहनों...

NH-130 पर कसी लगाम: कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर स्पीडोमीटर से निगरानी, ओवरस्पीड वाहनों पर ई-चालान

37

The Duniyadari: कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। कटघोरा से अंबिकापुर तक के मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर स्पीडोमीटर लगाकर वाहनों की रफ्तार पर नजर रखी जा रही है। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।

शुक्रवार को पाली-बांगो रोड पर ट्रैफिक टीम विशेष अभियान के तहत तैनात रही। इस हाईवे पर चौबीसों घंटे हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। खासकर सुबह के समय कई चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। हाल के दिनों में हुई घटनाओं ने पुलिस प्रशासन को फिर से सतर्क कर दिया है।

ट्रैफिक जवान स्पीड मॉनिटरिंग उपकरण के जरिए यह जांच कर रहे हैं कि वाहन तय सीमा के भीतर चल रहे हैं या नहीं। नियम तोड़ने की स्थिति में मशीन स्वतः रफ्तार दर्ज कर लेती है, जिसके आधार पर संबंधित वाहन मालिक के पते पर ई-चालान भेज दिया जाता है।

यह अभियान लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नीतिश ठाकुर के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग का फील्ड स्टाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई में जुटा हुआ है।