NTPC–CSEB क्षेत्र से दर्री मार्ग पर राखड़ गिराते दौड़ रहे हाइवा, प्रदूषण विभाग खामोश

7

The Duniyadari: कोरबा। NTPC और CSEB क्षेत्र से दर्री की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हाइवा ट्रेलर खुलेआम राखड़ (फ्लाई ऐश) गिराते हुए गुजर रहे हैं। चलते वाहनों से उड़ती राखड़ पूरे सड़क मार्ग पर फैल रही है, जिससे आम राहगीर, दोपहिया चालक और आसपास के दुकानदार परेशान हैं। सड़क पर राखड़ की मोटी परत जमने से फिसलन बढ़ गई है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि NTPC और CSEB क्षेत्र से निकलने वाले राखड़ परिवहन में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। कई हाइवा ट्रेलर बिना पूरी तरह ढंके और बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं। परिणामस्वरूप राखड़ उड़कर वातावरण में घुल रही है, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है और लोगों को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर सवाल प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर खड़े हो रहे हैं। नियमों के तहत फ्लाई ऐश परिवहन के दौरान वाहन को पूरी तरह कवर करना और लीकेज-फ्री व्यवस्था अनिवार्य है, फिर भी खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसके बावजूद प्रदूषण विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नजर नहीं आ रही है, जिससे विभाग की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

आम नागरिकों ने मांग की है कि NTPC, CSEB प्रबंधन और संबंधित ट्रांसपोर्टरों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए तथा प्रदूषण विभाग नियमित निगरानी अभियान चलाकर ऐसे हाइवा ट्रेलरों पर लगाम लगाए। जब तक जिम्मेदार विभाग कड़ाई नहीं दिखाएंगे, तब तक आम जनता को राखड़ और प्रदूषण की मार झेलनी पड़ेगी।