The Duniyadari: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में शनिवार को उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अलग-अलग शाखाओं में बेहतर कार्य करने वाले कुल 70 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में एसीसीयू, उत्तर जोन, मध्य जोन और पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में उन पुलिसकर्मियों की विशेष सराहना की गई, जिन्होंने गंभीर मामलों को बेहद कम समय में सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई मोबाइल झपटमारी की घटना का तेजी से खुलासा करने वाली टीम के 7 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सम्मान दिया गया। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं थाना खम्हारडीह इलाके में लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की सोना-चांदी चोरी की वारदात का पर्दाफाश करने वाली संयुक्त टीम को भी सम्मानित किया गया। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीम में शामिल 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में कार्यरत 13 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें शिकायतों के त्वरित निराकरण, कार्यालयीन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और विभिन्न जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने वाले कर्मचारी शामिल रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी स्मृतिक राजनाला, डीसीपी उमेश गुप्ता, अतिरिक्त डीसीपी डॉ. अर्चना झा और एसीपी नंदिनी ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस बल की तत्परता, ईमानदारी और जिम्मेदारी से कानून व्यवस्था मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान कार्यक्रम पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।















