दिसपुर। Srinivas Biwi : यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर शोषण का आरोप लगाने वाली को असम की पूर्व यूथ विंग अध्यक्ष अंगकिता दत्ता को पार्टी से निकाल दिया है। अंगकिता ने कुछ दिनों पहले यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर मानसिक शोषण और भेदभाव का आरोप लगाया था। उन्हें शनिवार को पार्टी विरोधी गतिविधि करने के लिए छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा IT सेल के हेड अमित मालवीय ने कहा कि ये है कांग्रेस का असली महिला सशक्तिकरण। जो महिला शोषण का आरोप लगाए, उसकी बात सुनने की बजाय उसे पार्टी से ही निकाल दो। जिस तरीके से अंगकिता को हटाया गया है, वह महिलाओं के लिए बेहद निराशाजनक है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक नारा दिया था- लड़की हूं, लड़ सकती हूं- यह नारा खोखला निकला।
कांग्रेस मामला नहीं सुलझाएगी तो कानून सुलझाएगा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा- हमने कांग्रेस से इस मामले को सुलझाने के लिए कहा था। लेकिन अभी मुझे पता चला कि कांग्रेस पार्टी ने मामले को सुलझाया नहीं, बल्कि अंगकिता को पार्टी से निकाल दिया है। अगर कांग्रेस इस मामले को नहीं सुलझाएगी तो कानून सुलझाएगा। जब एक बेटी की इज्जत का सवाल होता है, तो चाहे कोई भी हो, कार्रवाई करना सबसे सही होता है।