The Duniyadari :बिलासपुर। रिश्वतखोरी पर नकेल कसते हुए पुलिस विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। चालान पेश करने के नाम पर अवैध रूप से पैसे मांगने के दोष में प्रधान आरक्षक अनिल साहू को पदावनत कर आरक्षक बनाया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा कराई गई विभागीय जांच में उनके खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
मामला नवंबर 2024 का है, जब एक पीड़ित ने प्रधान आरक्षक का वीडियो बनाकर शिकायत दर्ज कराई थी। वायरल हुए इस वीडियो में अनिल साहू जमानत आवेदन पर कार्रवाई आगे बढ़ाने और वाहन को राजसात होने से बचाने के बदले रकम की मांग करते नजर आ रहा था। वीडियो में शिकायतकर्ता और आरोपी प्रधान आरक्षक के बीच पैसों को लेकर बातचीत भी साफ सुनाई दे रही थी।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने तुरंत विभागीय जांच शुरू की। जांच रिपोर्ट में भ्रष्ट आचरण की पुष्टि होने के बाद एसएसपी ने उन्हें दो वर्ष के लिए आरक्षक पद पर पदावनत करने का आदेश जारी कर दिया। विभाग ने साफ किया है कि ऐसी हरकतों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और भविष्य में भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।
































