Thursday, March 28, 2024
HomeविदेशTeen Age Student : किशोर उम्र का बालक स्कूली छात्रों पर धड़ाधड़...

Teen Age Student : किशोर उम्र का बालक स्कूली छात्रों पर धड़ाधड़ चलाई गोलियां…9 की मौत

सर्बिया। Teen Age Student : यूरोपीय देश सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड के एक स्कूल में हुई गोलाबारी में 8 छात्रों समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने हमला के आरोप में एक किशोर छात्र को गिरफ्तार किया है जो सातवीं क्लास में पढ़ता है।

पुलिस के मुताबिक़, हमलावर कई हफ़्तों से इस हमले की योजना बना रहा था और उसके पास एक ‘किल लिस्ट’ यानी किन लोगों को मारना है, इसकी सूची भी थी।

पुलिस ने 13 साल के इस हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया है। ये हमला बेलग्रेड के एक प्राइमरी स्कूल में हुआ था।

हमले में एक टीचर के अलावा छह स्टूडेंट्स घायल हुए हैं। पुलिस ने कहा कि हमले की वजह जानने के लिए जांच जारी है।

कहा जा रहा है कि हमलावर ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक इस्तेमाल की। साथ ही इन हत्याओं से पहले हमलावर अपने पिता के साथ एक से ज़्यादा बार शूटिंग रेंज में गया था। हालांकि हमलावर के माता-पिता को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है।

देश के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर वूसिक ने इसे आधुनिक इतिहास का सबसे मुश्किल दिन बताया। हमले के बाद देश में तीन दिन के शोक का एलान किया गया है।

Serbien Kriminalität l Polizeiabsperrungen l Schießerei an einer Schule in Belgrad

इस घटना से बाल्कन देश स्तब्ध रह गया है। यहां बीते कई दशकों में पहली बार स्कूल में ऐसी कोई घटना हुई है। बेलग्रेड में व्राचर डिस्ट्रिक्ट के प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी सुबह 8:40 पर शुरू हुई। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इस बीच अभिभावक वहां पहुंचने लगे। सहमे हुए बच्चे स्कूल के बाहर उनका इंतजार कर रहे थे

हमलावर के सामने खड़ा हुआ गार्ड

गृह मंत्रालय ने बताया, “8 छात्र और एक सिक्यॉरिटी गार्ड की मौत हुई है। छह बच्चे और एक टीचर घायल हैं। पुलिस बस घटनास्थल पर ही हैं और घटना के कारणों का पता लगाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।” व्राचर डिस्ट्रिक्ट के अध्यक्ष मिलान नेदेलकोविच का कहना है कि स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने संभवतया खुद को हमलावर के सामने रख कर कई बच्चों की जान बचाई है।

नेदेलकोविच ने स्कूल के बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि गार्ड, “हादसे को रोकना चाहता था और पहला शिकार बना। अगर वह आदमी गोली चलाने वाले बच्चे के सामने नहीं खड़ा होता, तो यह हादसा और बड़ा हो सकता था।”

पुलिस ने संदिग्ध हमलावर या फिर इस गोलीकांड के मकसद के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है।

गंभीर स्थिति में घायल

बेलग्रेड के मुख्य अस्पताल केसीएस के प्रमुख मिलिका असानिन का कहना है कि डॉक्टर घायलों में कई का ऑपरेशन कर रहे हैं। असानिन ने सर्बियाई न्यूज संस्था आरटीएस से कहा, “एक छात्र  बहुत गंभीर हालत में है। उसके सीने और गले में गोली लगी है। एक और छात्र के पैरों में गोली लगी है। एक छात्रा के पेट और दोनों बांहों में गोली लगी है। साथ ही टीचर के पेट और दोनों हाथ में भी गोली लगी है।”

गोलीबारी के बाद बेलग्रेड के सारे स्कूल बंद कर दिए गए। सर्बियाई राजधानी के लोग इस घटना से सहमे हुए हैं। आस्ट्रिड मेर्लिनी की बेटी भी गोलीबारी के दौरान स्कूल में थी। उन्होंने बताया कि टीचरों ने हमले के तुरंत बाद सभी छात्रों को छिपा दिया था। मेर्लिनी ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा, “जब (मेरी बेटी ने) गार्ड को गिरते देखा, तो वो तुरंत क्लास में भाग कर गई। वह डरी हुई थी। उसने टीचर को बताया कि ऊपर गोली चल रही है। टीचर ने तुरंत छात्रों को क्लास के अंदर करके दरवाजा बंद कर दिया।”

सर्बिया में इस तरह स्कूल में गोलीबारी की घटना दुर्लभ है। यहां हथियार खरीदने के लिए एक खास परमिट की जरूरत होती है। गोलीबारी की घटना के बाद यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने, “पीड़त परिवारों और करीबियों के प्रति गहरी सहानुभूति जताई है।”

एनआर/एसएम (एएफपी)

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments