Saturday, October 24, 2026
Home कोरबा कोरबा में पुलिस का जनजागरूकता अभियान, महिला सुरक्षा व यातायात नियमों पर...

कोरबा में पुलिस का जनजागरूकता अभियान, महिला सुरक्षा व यातायात नियमों पर दिया संदेश

99

The Duniyadari : कोरबा। रजत जयंती वर्ष के अवसर पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कोरबा पुलिस द्वारा एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान शहर के फोरम मॉल परिसर में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, मानव तस्करी पर रोक और सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक करना रहा।

अभियान में सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन, यातायात शाखा से सहायक उप निरीक्षक मनोज राठौर, मानिकपुर पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक कुलदीप तिवारी तथा महिला थाना प्रभारी भावना खंडारे अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं। इसके अलावा साइबर सेल की टीम और महिला पुलिसकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को महिला संरक्षण से जुड़े कानूनों, घरेलू हिंसा से बचाव और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर लागू पॉक्सो कानून की जानकारी दी। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के उपायों पर भी विस्तार से समझाया गया। लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

मानव तस्करी के विषय में अधिकारियों ने इसके तरीकों और खतरों को रेखांकित करते हुए आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया। वहीं यातायात जागरूकता के तहत हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तय गति सीमा का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से होने वाले गंभीर परिणामों पर विशेष जोर दिया गया।

इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने समाज को यह संदेश दिया कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की जागरूकता और सहभागिता बेहद आवश्यक है।