Tuesday, March 10, 2026
Home छत्तीसगढ़ मानूसन आया और छा गया… जगदलपुर में जमकर बरसात, कई जिलों में...

मानूसन आया और छा गया… जगदलपुर में जमकर बरसात, कई जिलों में बारिश, राजधानी रायपुर का मौसम बदला, कल भी बरसेंगे बादल

218

रायपुर/जगदलपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में (Heavy rain in Chhattisgarh) स्थानीय मौसमी तंत्र की वजह से मानूसन (Monsoon) ने दस्तक दी। बुधवार शाम बस्तर से सरगुजा तक बड़े क्षेत्र में बरसात हुई है। सबसे अधिक 32.2 मिलीमीटर बरसात तो जगदलपुर (Jagdalpur) में दर्ज की गई है। यह इस सीजन की पहली सबसे भारी बरसात है।

इसके अलावा रायपुर के तिल्दा, बिलासपुर, अंबिकापुर, बलरामपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, महासमुंद, कबीरधाम, बेमेतरा, राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिलों में भी बरसात हुई है। मौसम विभाग ने अगले चार घंटों यानी रात 10 बजे तक आकाशीय बिजली गिरने अथवा अंधड़ उठने की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में बिजली, अंधड़ का अनुमान

मौसम विभाग की ओर से शाम 6.10 पर जारी चेतावनी के मुताबिक 22 से अधिक जिलों में आकाशीय बिजली गिरने अथवा अंधड़ उठने की संभावना बन रही है। इसमें कांकेर, धमतरी, कोण्डागांव, बालोद, गरियाबंद, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर बलौदा बाजार, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा, कवर्धा, मुंगेली, बिलासपुर, कोरिया, रायगढ़, कोरबा, पेण्ड्रा रोड, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और उससे लगे जिले शामिल हैं।

कल भी सिस्टम अनुकूल, बरसात होगी

मौसम विभाग के मुताबिक अभी एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से असम तक स्थित है। एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण बिहार से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश तक स्थित है।

इसके प्रभाव से 16 जून को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और अंधड़ भी चलने की संभावना है। बताया जा रहा है, वर्षा का सिलसिला अब लगातार बने रहने की संभावना है।