The Duniyadari: लोरमी- बीती रात आए तेज अंधड़ और तूफान ने लोरमी के 50 बिस्तर वाले मातृ-शिशु अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। खराब मौसम के चलते अस्पताल की बिजली व्यवस्था अचानक ठप हो गई, जिसके कारण डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ही एक गर्भवती महिला की डिलीवरी करानी पड़ी।
मामले को लल्लूराम डॉट कॉम द्वारा उठाए जाने के बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और तत्काल तकनीकी खामियों को दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी के खंड चिकित्सा अधिकारी जीएस दाऊ ने बताया कि तेज आंधी-तूफान की वजह से अस्पताल के इनवर्टर और जनरेटर के कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट हो गया था। इससे कुछ समय के लिए अस्पताल के कई हिस्सों में अंधेरा छा गया और बिजली बाधित हो गई।
बिजली गुल होने के दौरान भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच एक गर्भवती महिला की सामान्य प्रसव प्रक्रिया पूरी कराई गई। राहत की बात यह रही कि मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं।
प्रबंधन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की समस्या को तत्काल ठीक कर लिया गया है। अब अस्पताल में बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई है और बैकअप के लिए जनरेटर व इनवर्टर भी पूरी तरह से चालू कर दिए गए हैं।















