अवैध कबाड़ पर कोरबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी जेल, 7 दुकानें सील

25

The Duniyadari : कोरबा। जिले में सार्वजनिक संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर शिकंजा कसते हुए कोरबा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर उरगा थाना पुलिस ने गैस कटर से पुल-रेलिंग और ब्रिज काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

रशियन हॉस्टल क्षेत्र में नहर पुल और डेंगुरनाला ब्रिज की लोहे की संरचना काटकर चोरी करने के मामलों में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। हालिया कार्रवाई में 5 और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी प्रकरण में शामिल पाया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी संगठित तरीके से गैस कटर का इस्तेमाल कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते थे और चोरी किया गया लोहा कबाड़ में खपाया जाता था। इसी गिरोह के तार बालको, कुसमुंडा और नगर निगम क्षेत्र में हुई पाइप कटिंग की घटनाओं से भी जुड़े मिले हैं।

फरार आरोपियों पर इनाम

मुख्य फरार आरोपी मुकेश साहू और मोहम्मद असलम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5-5 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। मुकेश साहू के खिलाफ निगरानी भी शुरू की जा रही है।

कबाड़ कारोबार पर सख्ती

अवैध कबाड़ के खिलाफ अभियान के तहत उरगा क्षेत्र में कबाड़ संचालक मदन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जिलेभर में 7 कबाड़ दुकानों और यार्ड को सील किया गया है। इन पर बिना वैध दस्तावेज कबाड़ खरीदने-बेचने का आरोप है। कार्रवाई में नगर निगम और तहसील प्रशासन की टीम भी शामिल रही।

 पत्रकार को धमकाने का मामला

कबाड़ कारोबार से जुड़ी खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार को धमकी देने के मामले में कबाड़ संचालक सियाराम अग्रवाल के खिलाफ थाना सिविल लाइन में विधिवत कार्रवाई की गई है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक संपत्ति से जुड़ी चोरी या अवैध कबाड़ कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।