Wednesday, July 22, 2026
Home Breaking आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय निर्माण का भूमिपूजन संपन्न, विधायक भावना बोहरा...

आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालय निर्माण का भूमिपूजन संपन्न, विधायक भावना बोहरा ने की आधारशिला रखी

208

The Duniyadari: कुम्हारी– क्षेत्रीय विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने आज ग्राम कुम्ही में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन कर ग्रामवासियों को नई सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 11.69 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 तथा 4.13 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक बोहरा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र न केवल बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की देखभाल में सहायक होगा, बल्कि यह प्रारंभिक शिक्षा का भी मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक शौचालय का निर्माण गांव में स्वच्छता को बढ़ावा देगा और ग्रामीणों को बेहतर जन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत की संकल्पना को साकार करने की दिशा में यह एक और मजबूत कदम है,” विधायक बोहरा ने कहा। विधायक ने अपने संबोधन में यह भी दोहराया कि क्षेत्रीय जनता की आवश्यकताओं की पूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों के सतत एवं समग्र विकास को सुनिश्चित करना उनका पहला दायित्व है। उन्होंने ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी ऐसी विकासपरक योजनाएं निरंतर क्रियान्वित की जाएंगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक भावना बोहरा का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह की जनकल्याणकारी योजनाओं की अपेक्षा जताई। इस भूमिपूजन कार्यक्रम के साथ ही ग्राम कुम्ही के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।