Thursday, October 29, 2026
Home सरगुजा आदेश की अनदेखी पड़ी भारी: ज्वाइनिंग नहीं देने वाले 10 सहायक शिक्षक...

आदेश की अनदेखी पड़ी भारी: ज्वाइनिंग नहीं देने वाले 10 सहायक शिक्षक निलंबित

108

The Duniyadari : सरगुजा। जिले में चल रही युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत जारी तबादला आदेशों की अवहेलना करना सहायक शिक्षकों को भारी पड़ गया। निर्धारित स्कूलों में समय पर ज्वाइनिंग नहीं देने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 10 सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, अतिशेष घोषित शिक्षकों को अन्य स्कूलों में पदस्थ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वे नई पदस्थापना स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर शिक्षण कार्य शुरू करें। इसके बावजूद कुछ शिक्षकों ने आदेश का पालन नहीं किया। इस पर डीईओ कार्यालय ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

उल्लेखनीय है कि युक्तियुक्तकरण से असंतुष्ट कुछ शिक्षकों ने संभाग स्तरीय युक्तियुक्तकरण समिति के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी। समिति द्वारा सभी अभ्यावेदनों पर सुनवाई के बाद उन्हें खारिज कर दिया गया था। इसके बावजूद संबंधित शिक्षकों ने तबादला वाले स्कूलों में ज्वाइनिंग नहीं दी, जिसके चलते विभाग को अनुशासनात्मक कदम उठाना पड़ा।

इससे पहले भी ज्वाइनिंग में लापरवाही बरतने वाले पांच शिक्षकों को जेडी स्तर से निलंबित किया जा चुका है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि आगे भी आदेशों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निलंबित किए गए शिक्षकों में गीता चौधरी (प्राथमिक शाला रिखीमुंडा), अजय कुमार मिश्रा (बांधपारा), सीमा सोनी (चठीरमा), अल्पना गुप्ता (हर्राटिकरा), मधु गुप्ता (बिसुनपुर), भीष्म सिंह (मुड़ापारा), अंजुला श्रीवास्तव (हर्राटिकरा), निर्मला तिर्की (दरिमा), बिंदु जायसवाल (चिटकीपारा संकुल टपरकेला) और गीता देवी (रजपुरीखुर्द) शामिल हैं।

शिक्षा विभाग का स्पष्ट संदेश है कि प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।