Wednesday, October 28, 2026
Home कोरबा शरद पूर्णिमा पर राममय हुआ परशुराम भवन, मानस चौपाइयों की प्रस्तुति ने...

शरद पूर्णिमा पर राममय हुआ परशुराम भवन, मानस चौपाइयों की प्रस्तुति ने मोहा मन

5

The Duniyadari: पंडित शिवराज शर्मा के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल, मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति ने किया सम्मानित

कोरबा। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर कोरबा के दुरपा रोड स्थित परशुराम भवन में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने मानस की चौपाइयों और दोहों का सस्वर वाचन कर भगवान श्रीराम के आदर्शों, भक्ति और जीवन-मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला।

प्रतियोगिता में अंशु शर्मा, हर्ष नारायण शर्मा, प्रतिभा शर्मा, उर्मिला शर्मा, ममता शर्मा एवं ममता ललित शर्मा सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। किसी ने मन की निर्मलता और निष्कपट भक्ति का संदेश दिया, तो किसी ने मानव जीवन की महत्ता, माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान और सत्संग के महत्व को चौपाइयों के माध्यम से समझाया। प्रतिभागियों ने अपनी वाचन शैली और भावपूर्ण व्याख्या से श्रीरामचरितमानस में निहित संस्कारों और आदर्शों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित श्रेष्ठ शिक्षक एवं सुप्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के साथ ही अपनी सुमधुर आवाज में मानस की चौपाइयों और रामभजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से पूरा परशुराम भवन भक्तिरस में सराबोर हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनकी संगीतमयी प्रस्तुति की सराहना की।

इस अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने पंडित शिवराज शर्मा को पुष्पहार पहनाकर तथा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को मंच देना नहीं, बल्कि श्रीरामचरितमानस में समाहित जीवन-दर्शन, संस्कारों और आदर्शों को समाज तक पहुंचाना भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने और धार्मिक साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समिति अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार और धार्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने भी समाज के सदस्यों, महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम के समापन पर आरती की गई और उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शरद पूर्णिमा की यह संध्या श्रीरामभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ यादगार बनी।