The Duniyadari: बलौदाबाजार- जिला प्रशासन ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने वाले पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई की है। सिमगा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत हथबंद का प्रभार नहीं संभालने और दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर पंचायत सचिव हीरालाल यादव को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिव हीरालाल यादव को हथबंद पंचायत का प्रभार लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन्होंने अब तक प्रभार ग्रहण नहीं किया। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का भी पालन नहीं किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
सचिव द्वारा दिया गया जवाब अधिकारियों को संतोषजनक नहीं लगा। साथ ही, अपने दायित्वों के निर्वहन में रुचि नहीं लेने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने की बात सामने आई। इसके बाद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान हीरालाल यादव का मुख्यालय जनपद पंचायत सिमगा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा।















