Tuesday, September 15, 2026
Home Breaking आधी रात गोलियों की गूंज: कांग्रेस नेता के घर हमला, एक बेटे...

आधी रात गोलियों की गूंज: कांग्रेस नेता के घर हमला, एक बेटे की मौत, दूसरा गंभीर

113

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में गुरुवार देर रात हुई अंधाधुंध फायरिंग ने पूरे इलाके को दहला दिया। नकाबपोश बदमाशों ने कांग्रेस नेता और कारोबारी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे परिवार में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि तीन अज्ञात हमलावर देर रात घर में दाखिल हुए। अंदर घुसते ही उन्होंने परिवार के लोगों को काबू में कर लिया और कमरों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई मदद के लिए बाहर न जा सके। इसके बाद आरोपियों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

इस हमले में बड़े बेटे आयुष कश्यप को गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है। परिजनों ने तत्काल उन्हें बिर्रा के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए हर संभव सुराग जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में डर का माहौल है। लोग रात के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप अस्पताल पहुंचकर घायल से मिले और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस को जल्द कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।