The Duniyadari: दर्री- बुधवार रात दर्री क्षेत्र के जैलगांव चौक मुख्य मार्ग स्थित शांति हीरो शोरूम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा चालक बाइक सवार को लगभग 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय लुकेश्वर पटेल, निवासी सीएसईबी कॉलोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, लुकेश्वर पटेल शंकर इंजीनियरिंग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे।
गौरतलब है कि शंकर इंजीनियरिंग का नाम हाल के दिनों में लगातार विवादों में रहा है। कुछ दिन पहले झाबू राखड़ बांध को क्षति पहुंचने के मामले में भी इस कंपनी का नाम सामने आया था। वहीं दिनांक 20 को इसी झाबू बांध में एक जेसीबी ऑपरेटर की भी मौत हो चुकी है, जिसके बाद पूरे मामले ने और तूल पकड़ लिया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राखड़ से जुड़े कार्यों में एक रिटायर्ड अधिकारी के साथ मिलकर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर शंकर इंजीनियरिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। क्षेत्र में लोग इस घटनाक्रम को जोड़कर देख रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।















