Friday, August 14, 2026
Home Breaking इंजीनियरिंग पार्क में केमिकल रिसाव, गैस पाइप फटने से फैला धुआं, लोगों...

इंजीनियरिंग पार्क में केमिकल रिसाव, गैस पाइप फटने से फैला धुआं, लोगों को सांस लेने में दिक्कत

70

The Duniyadari: दुर्ग जिले के ट्रांसपोर्ट नगर (हथखोज) स्थित इंजीनियरिंग पार्क में मंगलवार शाम एक फैक्ट्री में केमिकल रिसाव की घटना सामने आई। थेथिस हाइड्रोकार्बन प्राइवेट लिमिटेड की इकाई में शाम करीब 4:30 बजे इंक बनाने की प्रक्रिया के दौरान गैस पाइपलाइन फट गई, जिससे केमिकल का रिसाव हुआ और धुआं पूरे इलाके में फैल गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों को खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें महसूस हुईं। इससे फैक्ट्री कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल बन गया।

रिसाव की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केमिकल पर रेत डालकर उसे ढक दिया, जिससे धुआं निकलना बंद हो गया। सूचना पर अग्निशमन दल भी मौके पर पहुंचा, हालांकि तब तक स्थिति काफी हद तक नियंत्रण में आ चुकी थी।

इस दौरान पास की अन्य फैक्ट्रियों के संचालक भी मौके पर पहुंचे और समय पर सूचना न दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि घटना के चलते कर्मचारियों को परेशानी हुई और कुछ समय के लिए काम भी प्रभावित हुआ। वहीं, इंजीनियरिंग पार्क में स्थित केएसएस हाइड्रोकार्बन में धुआं उठने की आशंका के चलते फायर ब्रिगेड की टीम कुछ समय तक मौके पर तैनात रही।

फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार पिच ऑयल की लोडिंग के दौरान पाइपलाइन फटने से रिसाव हुआ और गर्म होने के कारण धुआं फैल गया। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलते ही सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया और फिलहाल किसी गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना के बाद प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और फैक्ट्री संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है।