The Duniyadari: सूरजपुर– नेशनल हाइवे-43 पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। विश्रामपुर की ओर जा रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। समय रहते आसपास मौजूद युवाओं की तत्परता से स्कूटी सवार युवक की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी चालक हाइवे पर सूरजपुर से विश्रामपुर जा रहा था। तभी स्कूटी के बैटरी हिस्से से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर स्कूटी सवार घबरा गया और गाड़ी छोड़कर दूर भागा।
मौके पर मौजूद कुछ युवाओं ने बिना देर किए मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। युवाओं की सूझबूझ से कुछ ही मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्कूटी पूरी तरह जलने से बच गई।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में बैटरी ओवरहीट होना आग लगने की वजह मानी जा रही है। गनीमत रही कि घटना के वक्त हाइवे पर ट्रैफिक कम था और कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी तरह से जांच की।
स्थानीय लोगों ने युवाओं की हिम्मत की सराहना की। पुलिस ने इलेक्ट्रिक वाहन चालकों से अपील की है कि समय-समय पर बैटरी और वायरिंग की जांच जरूर कराएं ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।















