The Duniyadari: सरगुजा- जिले में शनिवार दोपहर तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया।
लुंड्रा ब्लॉक के गोविंदपुर गांव में खेत में चर रहे 17 मवेशियों की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खुले खेत में बंधे मवेशियों पर गाज गिर पड़ी।
8 गाय, 6 बैल और 3 बछड़ों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे किसान खेत की ओर दौड़े, लेकिन तब तक सभी पशु मर चुके थे।
सूचना मिलते ही पटवारी, पशु चिकित्सा विभाग और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा। पशु चिकित्सकों ने मृत मवेशियों का परीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में बिजली गिरने से ही मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को दफनाने की व्यवस्था करवाई।
गोविंदपुर के पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ है। कई परिवारों की आजीविका इन्हीं मवेशियों पर टिकी थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
तहसीलदार ने बताया कि नियमानुसार प्रकरण तैयार कर पशु हानि का मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे सरगुजा संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खुले में न रहने और पेड़ के नीचे शरण न लेने की अपील की है।















