The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भाजपा नेता चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके ऑफिस और निवास पर छापा मारा है। यह कार्रवाई कथित आर्थिक अनियमितताओं और संदिग्ध लेन-देन के मामलों को लेकर की गई बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम सुबह से ही राठी के विभिन्न ठिकानों पर पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान बैंक खातों, संपत्ति से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी पड़ताल जारी है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले के तहत की गई है। हालांकि, अभी तक ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जांच एजेंसी को कुछ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह छापा डाला गया।
छापेमारी की खबर मिलते ही इलाके में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। वहीं, राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। भाजपा की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ईडी की टीम फिलहाल जांच में जुटी हुई है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।















