The Duniyadari: Raipur- खरीफ सीजन 2026 के आगाज के साथ ही किसानों को बेहतर और प्रमाणित कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जशपुर जिले में कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने अलग-अलग विकासखंडों में खाद-बीज दुकानों की जांच की। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन और अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के बाद संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया। उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए चार दुकानों के लाइसेंस 21 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं।
कार्रवाई की जद में आए प्रतिष्ठानों में कांसाबेल का अन्नु कृषि केन्द्र, कुनकुरी का अन्नु सीड्स, बगीचा विकासखंड के कवई स्थित मौसम बीज भंडार और पत्थलगांव के मुडाबहला स्थित कृषि कल्प एग्रीकल्चर प्वाइंट शामिल हैं।
निलंबन की अवधि में ये सभी दुकानें रासायनिक उर्वरकों की बिक्री नहीं कर सकेंगी। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि किसानों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी जांच व कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















