Friday, June 19, 2026
Home Breaking उत्कर्ष योजना प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 20 जून तक, 5 जुलाई...

उत्कर्ष योजना प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 20 जून तक, 5 जुलाई को होगी चयन परीक्षा

3

The Duniyadari: सारंगढ़-बिलाईगढ़– आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी। योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को 20 जून 2026 तक अपने अध्ययनरत विद्यालय में आवेदन पत्र जमा करना होगा। आवेदन पत्र विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

उत्कर्ष योजना के तहत चयन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर 5 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा, छात्रावास और भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदक का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मूल निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही वह छत्तीसगढ़ राज्य की मान्य अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति श्रेणी का स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक होना चाहिए। अभिभावक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए आय प्रमाण पत्र और स्वघोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।

योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। ग्राम पंचायत क्षेत्र के बाहर नगर पंचायत, नगरपालिका तथा नगर निगम क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।