Sunday, March 29, 2026
Home कोरबा एचटीपीपी का दो महीने में दूसरी बार फूटा राखड़ बांध, ग्रामीणों ने...

एचटीपीपी का दो महीने में दूसरी बार फूटा राखड़ बांध, ग्रामीणों ने प्रबंधन पर उठाए सवाल

34

The Duniyadari: कोरबा। एचटीपीपी संयंत्र से निकलने वाली राख के निपटान के लिए ग्राम झाबू-लोतलोता के पास बनाया गया राखड़ बांध एक बार फिर परेशानी का कारण बन गया है। बताया जा रहा है कि बांध के भर जाने और लगातार दबाव बढ़ने के कारण उसका तटबंध टूट गया, जिससे पानी के साथ बड़ी मात्रा में राख बाहर निकलकर आसपास के इलाके में फैल गई।

जानकारी के अनुसार इस बांध में विद्युत संयंत्र से पानी के साथ राख भेजी जाती है। यह बांध काफी पुराना हो चुका है और लंबे समय से लगभग भराव की स्थिति में था। प्रबंधन द्वारा कई बार इसकी ऊंचाई बढ़ाकर समस्या से निपटने की कोशिश की गई, लेकिन दबाव बढ़ने के चलते आखिरकार तटबंध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया। तटबंध टूटते ही पानी मिली राख का बहाव तेजी से बाहर आ गया और देखते ही देखते बड़ी मात्रा में राख आसपास के क्षेत्रों में फैल गई।

इस घटना के बाद आसपास के गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में कुछ ही दिनों में पानी सूख जाएगा और सूखी राख हवा के साथ उड़कर घरों और खाने-पीने की चीजों तक पहुंच सकती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ जाएंगे।

राख फैलने से झाबू, नवागांव, पुरैनाखार, धनरास, लोतलोता, चारपारा, मड़वामहुआ और ढांडपारा सहित कई गांवों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि राखड़ बांध से जुड़ी इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। करीब दो महीने पहले भी इसी तरह तटबंध टूटने की घटना सामने आई थी, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

स्थानीय लोगों ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से स्थायी समाधान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।