Sunday, April 26, 2026
Home Breaking “ऑपरेशन आघात” का असर: दो माह में 394 आरोपी गिरफ्तार, साढ़े चार...

“ऑपरेशन आघात” का असर: दो माह में 394 आरोपी गिरफ्तार, साढ़े चार करोड़ के नशे का सामान जब्त

27

The Duniyadari: रायगढ़। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने पिछले दो महीनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने 26 जनवरी को पदभार संभालते ही सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद पूरे जिले में लगातार कार्रवाई जारी है।

पुलिस द्वारा 26 जनवरी से 26 मार्च के बीच अवैध शराब के खिलाफ 357 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 367 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 2845 लीटर देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब जब्त की गई। इनमें 139 मामलों में 149 आरोपियों को आबकारी एक्ट की गैर-जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। विशेष अभियान के तहत महुआ शराब के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए 2612 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने निरंतर अभियान चलाया।

ओडिशा मार्ग से संचालित गांजा तस्करी पर भी रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पिछले दो महीनों में 16 मामलों में 27 तस्करों को गिरफ्तार कर 100 किलो से अधिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

इसी तरह अवैध अफीम की खेती पर भी पुलिस ने सख्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई की। तमनार के आमाघाट और लैलूंगा क्षेत्र के नवीन घटगांव व मुडागांव में 4 प्रकरण दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में 2963 किलो अवैध अफीम (पौधों सहित) जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 18 लाख रुपये बताई गई है।

“ऑपरेशन आघात” के तहत कुल 394 आरोपियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 21 दोपहिया और 3 चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।