The Duniyadari: कवर्धा- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खुद को Food Corporation of India (एफसीआई) का अधिकारी बताकर किराना व्यापारी से जबरन वसूली करने का मामला सामने आया है।
आरोपी ने पिस्टल की नोक पर व्यापारी को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के छिरहा गांव की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ सचिन चड्ढा के रूप में हुई है, जो पूर्व सैनिक बताया जा रहा है और रायपुर की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के तौर पर काम करता है।
आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने का झूठा आरोप लगाकर डराया और कार्रवाई से बचाने के नाम पर पैसों की मांग की।
पीड़ित व्यापारी पीतांबर गुप्ता निवासी ग्राम छिरहा ने 8 अप्रैल को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे आरोपी दुकान पर पहुंचा और खुद को एफसीआई का बड़ा अधिकारी बताकर जांच का दबाव बनाने लगा।
आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाते हुए 60 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण व्यापारी ने 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली।
आरोपी सचिन चड्ढा (47), पिता भरत लाल चड्ढा, निवासी जबलपुर एवं वर्तमान निवास रायपुर के कब्जे से पुलिस ने एक ग्रैंड विटारा कार (एमपी-20, जेडके-8201), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस और पिस्टल पाउच बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।















